Patna : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बिहार में आई भीषण बाढ़, तटबंधों के टूटने और राहत कार्यों में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सरकार और मंत्रियों पर बाढ़ के नाम पर अरबों रुपये के भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी ठेकेदारों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
नदियों में गाद क्या नासा ने जमा की है?
उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन/सिंचाई मंत्री पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा, “सरकार में 25 साल से रहने वाले लोग अब ज्ञान दे रहे हैं। नदियों में जो गाद जमी है, क्या वह नासा (NASA) ने आकर जमा की है? 1980 और 1954 के बाद से तटबंधों का पक्कीकरण और मजबूतीकरण नहीं किया गया। हर साल एक ही जगह पर बार-बार बांध क्यों टूटते हैं? यह नेता, अधिकारी और ठेकेदारों की मिलीभगत से होने वाली अरबों रुपये की लूट है।”
पंजाब को मदद, बिहार से नफरत
पप्पू यादव ने केंद्र सरकार पर बिहार के साथ सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने अन्य राज्यों जैसे पंजाब को बाढ़ राहत में पैसा दिया, लेकिन बिहार के साथ हमेशा सौतेला व्यवहार किया जाता है। 2017 में पीएम ने जो आर्थिक मदद का वादा किया था, वह आज तक नहीं मिला। चुनाव आते ही 100-100 हेलीकॉप्टर प्रचार में उतार दिए जाते हैं, लेकिन 56 लाख बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए एक हेलीकॉप्टर नहीं दिखता।”
मुख्यमंत्री और स्थानीय सांसदों के दौरों पर तंज
उन्होंने कहा कि जब भी बिहार में कोरोना या बाढ़ जैसी आपदा आती है, सरकार जनता से नफरत करने लगती है। कहा कि मुख्यमंत्री भागलपुर गए तो 3 मिनट रुके और चंपारण में 7 मिनट भी नहीं टिके। यह सिर्फ ‘फोटोशूट’ और ‘नयन सुख’ है। वहीं कई क्षेत्रों के सांसद बाढ़ पीड़ितों का हाल देखने के बजाय दिल्ली में टेनिस खेल रहे हैं।
खास कंपनियों और नकली सरिया का आरोप
सांसद पप्पू यादव ने निर्माण कार्यों और टेंडर प्रक्रिया में बड़े घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि सिंगला (Singla) और ‘श्री राम कंस्ट्रक्शन’ (Sri Ram Construction) को बार-बार ठेके क्यों दिए जाते हैं? छपरा से लेकर अन्य जिलों तक इनके बनाए बांध टूट रहे हैं। नालंदा के मुन्ना सिंह जैसे चुनिंदा 4 लोगों/कंपनियों को ही 2000 करोड़ रुपये तक के ठेके दिए जाते हैं। पंचायत भवनों और निर्माण कार्यों में ‘श्याम स्टील’ के नकली सरिया का इस्तेमाल हो रहा है, जिससे ढांचे ढह रहे हैं। वे इसके खिलाफ जल्द आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।
सुप्रीम कोर्ट का रुख और पीड़ितों के बीच लगातार मौजूदगी
पप्पू यादव ने बताया कि उन्होंने पीएमओ और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल को 50 बार पत्र लिखे हैं और इस भ्रष्टाचार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि वे खुद पिछले 25 दिनों से लगातार बाढ़ प्रभावित जिलों के दौरे पर हैं और छपरा समेत कई इलाकों में अपनी ओर से 50 लाख रुपये की सहायता राशि बांट चुके हैं। आज 26वें दिन भी वे बाढ़ पीड़ितों के बीच जा रहे हैं।
MLC चुनाव पर टिप्पणी
आगामी विधान परिषद (MLC) चुनावों पर तंज कसते हुए पप्पू यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव में उतरने वाले ज्यादातर लोग ‘माफिया’ हैं, जो इस चुनाव का इस्तेमाल सिर्फ पैसा कमाने और अपनी साख बनाने के लिए करते हैं।
