Gayaji : बिहार के गया जिले के डेल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास बीते रविवार रात अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। प्रार्थना सभा से पत्नी के साथ पैदल घर लौट रहे 45 वर्षीय विकास मित्र शंकर मांझी को हथियारबंद अपराधियों ने घेरकर तीन गोलियां मार दीं। सिर और पेट में गोली लगने से शंकर मांझी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पत्नी से 10 कदम आगे चल रहे थे शंकर, अचानक अंधाधुंध फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक शंकर मांझी अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी स्थित चर्च/प्रार्थना स्थल में प्रार्थना में शामिल होकर रात करीब 9 बजे पैदल अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में शंकर अपनी पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे थे। जैसे ही वे बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास पहुंचे, पूर्व से घात लगाए 3-4 अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
परिजनों के मुताबिक, अपराधियों ने शंकर मांझी के माथे में एक और पेट में दो गोलियां मारीं। अचानक हुई इस गोलीबारी से जब तक पत्नी कुछ समझ पातीं, शंकर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और उन्होंने दम तोड़ दिया।
पत्नी का आरोप: शराब और अवैध गतिविधियों के विरोध पर हुई हत्या
मृतक की पत्नी कविता देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उनके पति मोहल्ले में होने वाली अवैध गतिविधियों और शराब की बिक्री का खुलकर विरोध करते थे, जिसके कारण कुछ स्थानीय लोग उनसे रंजिश रखते थे।
पत्नी ने पुलिस को बताया कि वे हमलावरों में रघु नामक युवक की पहचान कर सकती हैं। उन्होंने बंटी, रघु और उनके साथियों पर गोली चलाने तथा सुनीता देवी व गोपाल पासवान पर हत्या की पूरी साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सिटी एसपी पहुंचे मौके पर, सीसीटीवी फुटेज से पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी अभिनव कुमार, डीएसपी धर्मेंद्र भारती और डेल्हा थाना पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि परिजनों के बयान और शक के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिससे पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हासिल हुए हैं। पुलिस का दावा है कि पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का पूर्ण खुलासा कर शामिल सभी अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
